भिवाड़ी। अरावली की पहाड़ियों में स्थित संजीवनी तपोवन के बाबा मोहन राम काली खोली मंदिर में रविवार सुबह साढ़े 6 बजे 144वीं परिक्रमा का आयोजन किया गया। भारत विकास परिषद और बाबा मोहन राम जागृति मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित परिक्रमा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भजन, संगीत और बाबा के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने धार्मिक आस्था प्रकट की।
श्रद्धालुओं से प्लास्टिक का उपयोग बंद करने, कपड़े के थैले अपनाने और तपोवन को स्वच्छ रखने की अपील की गई। साथ ही प्रत्येक शुभ अवसर पर एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संजीव अग्रवाल, सचिव अर्जुन गुप्ता, वित्त सचिव अभय चौहान, महिला प्रमुख साधना यादव सहित विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजकों ने सहयोगी संस्थाओं और श्रद्धालुओं का आभार जताया। अगली परिक्रमा 27 दिसंबर को आयोजित होगी।