राजकीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं में पढ़ने विद्यार्थियों को कराई जाती जेईई और नीट की तैयारी
नए बैच के लिए आवेदन प्रक्रिया 28 जनवरी तक
संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के राजकीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं में पढ़ने वाले विद्यार्थी बिना किसी खर्च के डाॅक्टर व इंजीनियर बनने का अपना सपना पूरा कर सकेंगे। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के सपनों को पूरा करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग की ओर से सुपर-100 कार्यक्रम चलाया गया है।सुपर-100 के नए बैच के लिए 28 जनवरी तक आवेदन प्रक्रिया जारी है। सुपर-100 लेवल-1 की परीक्षा 5 फरवरी को होगी।
जिले के खंड बावल में 425, जाटूसाना में 198, खोल में 201, नाहड़ में 237 और रेवाड़ी में 517 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। वहीं, पूरे जिले की बात करें तो अब तक कुल 1578 आवेदन आ चुके हैं। सुपर-100 के तहत राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को जेईई व नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय के जारी शेड्यूल के अनुसार सुपर-100 लेवल-1 की परीक्षा 5 फरवरी 2025 को होगी। इसके बाद 20 फरवरी 2025 को लेवल-1 की परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा। वहीं, लेवल-2 की परीक्षा 5 अप्रैल 2025 को होगी। इसका परिणाम 30 अप्रैल 2025 को जारी होगा। पांच मई 2025 से बैच शुरू होने की संभावना है।
आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मिलती है सहायता
10वीं कक्षा में पढ़ने वाले होनहार विद्यार्थी जो इंजीनियरिंग व मेडिकल की पढ़ाई करना चाहते हैं, लेकिन, वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं, उनकी सहायता व सहयोग के लिए प्रदेश सरकार की यह सुपर-100 योजना है। इसमें दाखिल होने के पश्चात विद्यार्थी के रहने, खाने व पढ़ाई का पूरा खर्च प्रदेश सरकार वहन करती है।
वर्जन :
सुपर-100 परीक्षा में भाग लेने के लिए विद्यार्थी 28 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। फिलहाल, जिले में अब तक 1578 आवेदन आ चुके हैं। सुपर-100 के तहत राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को जेईई व नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है। विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने परीक्षा का शेड्यूल भी जारी कर दिया है।
- रेनू यादव, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, शिक्षा विभाग रेवाड़ी