रेवाड़ी। एनएमएमएस परीक्षा में सफलता हासिल करने पर छात्रा इशिका को सम्मानित करते प्राचार्य।स्रोत
रेवाड़ी। नांगल जमालपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा इशिका ने राष्ट्रीय साधन-सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) में सफलता हासिल की है। इशिका ने 92.42 प्रतिशत अंक प्राप्त कर छात्रवृत्ति सूची में अपना स्थान बनाया। इस उपलब्धि पर इशिका को विद्यालय में सम्मानित किया गया।
इस योजना के तहत इशिका को हरियाणा सरकार की ओर से कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिमाह 1 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी जो चार वर्षों में कुल 48 हजार रुपये होगी। विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार ने इस सफलता का श्रेय छात्रा की कड़ी मेहनत, अभिभावकों की सकारात्मक सोच और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है।
उन्होंने इशिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। प्रार्थना सभा के दौरान प्राचार्य व स्टाफ सदस्यों ने इशिका को सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के विज्ञान विभाग की ओर से कलम रीसायकल प्रोजेक्ट की भी शुरुआत की गई। इसके तहत विद्यार्थी खाली पेन को इधर-उधर फेंकने की बजाय भौतिक प्रयोगशाला में जमा करवाते हैं, जिसके बदले उन्हें चॉकलेट दी जाती है।
यह पहल प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने की दिशा में एक छोटा लेकिन प्रभावी कदम मानी जा रही है। कार्यक्रम में प्रवक्ता अनिल शर्मा, संजय कुमार, सतीश कुमार, रविंद्र कुमार, मास्टर ओम प्रकाश, रिंकू कुमार जोशी, अध्यापिका नीलम कुमारी, पूनम देवी, नीतू कुमारी व पूनम कुमारी मौजूद रहे।