धारूहेड़ा। गांव महेश्वरी में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने को लेकर जागरूकता एवं पंजीकरण कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से आयोजित किया गया जिसमें ग्रामीणों को सोलर रूफटॉप योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया एवं सरकारी सब्सिडी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कैंप में जेई हुकम चंद व आजाद सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत उपभोक्ता अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल में भारी बचत कर सकते हैं। सामान्य उपभोक्ताओं को 30 हजार प्रति किलोवाट तक सब्सिडी प्रदान की जा रही है जबकि अधिकतम 78 हजार तक की सब्सिडी का प्रावधान है।
विशेष रूप से अंत्योदय परिवारों के लिए यह योजना अत्यंत लाभकारी है। अंत्योदय परिवारों को 1.30 लाख की सोलर प्रणाली पर 1.10 लाख तक की सरकारी सब्सिडी दी जाएगी जिससे उन्हें बहुत कम लागत में सोलर बिजली की सुविधा उपलब्ध होगी। संवाद