बाल दिवस पर विद्यार्थियों को सुरक्षा के गुर सिखाते पुलिस और एसडीआरएफ की टीम। स्रोत: स्कूल
धारूहेड़ा। बाल दिवस के उपलक्ष्य में मसानी स्थित पर शहीद दीनदयाल सीएम मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में डीएसपी मुख्यालय संजीव बल्हारा ने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा के साथ जीवन की चुनौतियों और संभावित खतरों के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, गलत संगति से बचने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
थाना धारूहेड़ा के एसएचओ फूल कुमार ने साइबर सुरक्षा सत्र में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और अनजान लिंक से होने वाले अपराधों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को निजी जानकारी, पासवर्ड और ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी।
एसडीआरएफ की टीम ने भूकंप, आगजनी और सड़क दुर्घटना जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के तरीके समझाए। इंस्पेक्टर प्रदीप (इंचार्ज एसडीआरएफ) ने बताया कि आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य और सूझबूझ से काम लेना चाहिए। इस दौरान इंस्पेक्टर बलराम, एएसआई हरदीप और हवलदार प्रदीप भी मौजूद रहे।
विद्यालय की प्राचार्य डॉ. नम्रता सचदेवा ने पुलिस और एसडीआरएफ की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी तरीका उन्हें जागरूक बनाना है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाना भी है।