बच्चों को नशे के खिलाफ जागरूक करती टीम। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। नशा मुक्ति टीम ने सोमवार को गांव जोनियावास में विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशा नहीं करने की शपथ दिलाई।
नशा मुक्ति टीम के एएसआई जितेंद्र कुमार ने कहा कि नशे की बिक्री अगर कहीं हो रही हो तो इसकी जानकारी पुलिस को दें ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके। नशे से संबंधित सूचना 1933 पर भी दी जा सकती है और सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
आपात स्थिति में 112 पर सूचना देने की अपील की गई। अंत में विद्यार्थियों ने नशे और साइबर अपराधों से दूर रहने की शपथ ली। टीम ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है।
विद्यार्थियों को पढ़ाई, खेल और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने तथा नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक करते हुए बताया गया कि अपराधी फोन कॉल, सामाजिक माध्यमों और अन्य तरीकों से निजी जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं।
इसलिए किसी अनजान व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई। यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट और सड़क संकेतों का पालन करने पर भी जोर दिया गया।