गांव नंगली गोधा स्कूल में विद्यार्थियों को जागरूक करती टीम। स्रोत: पुलिस
रेवाड़ी। नशा मुक्ति टीम की ओर से मंगलवार को गांव नंगली गोधा स्थित राजकीय स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और नशे से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई, खेल और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने तथा नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने की सलाह दी गई।
इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया कि साइबर ठग फोन कॉल और सोशल मीडिया के माध्यम से ओटीपी, पासवर्ड और अन्य निजी जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं।
इसलिए किसी अनजान व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की गई। टीम ने कहा कि नशे की खरीद-फरोख्त या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें।
नशे से संबंधित जानकारी मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 और आपातकालीन स्थिति में डायल 112 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। अंत में विद्यार्थियों ने नशे और साइबर अपराधों से दूर रहने का संकल्प लिया।