जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेती पुलिस की टीम व विद्यार्थी। स्रोत : कॉलेज
बावल। कृषि महाविद्यालय में पुलिस टीम की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचने के उपाय बताए गए। यातायात नियमों का पालन करने की अपील करने के साथ ही नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य सत्यजीत ने की।
थाना प्रभारी रणबीर सिंह ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध और नशे से बचाव के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और नशे की आदत युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने कॅरिअर पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कई बार युवा गलत संगत या शौक के कारण नशे की शुरुआत कर देते हैं और धीरे-धीरे इसकी गिरफ्त में आ जाते हैं। इसका असर परिवार और समाज पर भी पड़ता है।
उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर विद्यार्थियों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत संबंधित माध्यम से शिकायत करें।
रणबीर सिंह ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करना जरूरी है। दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें और यातायात संकेतों का पालन करें। प्राचार्य सत्यजीत ने पुलिस टीम का आभार जताया।