प्रतिभा उत्सव के दौरान एक मंच पर आए विद्यार्थी व शिक्षक। कॉलेज
धारूहेड़ा। राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा में सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में मंगलवार को दो दिवसीय प्रतिभा उत्सव का शुभारंभ हुआ। इसकी अध्यक्षता प्राचार्य दयावती ने की। पहले दिन कला और साहित्य से जुड़ी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान पोस्टर मेकिंग, रंगोली, ऑन द स्पॉट पेंटिंग, रील मेकिंग और मेहंदी जैसी ललित कला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं साहित्यिक गतिविधियों के तहत क्विज, भाषण, काव्य पाठ और संस्कृत श्लोक उच्चारण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और प्रस्तुति कौशल से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
प्राचार्या दयावती ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक समिति के प्रभारी अमन कुमार ने बताया कि अपना हुनर दिखाएं-अपनी पहचान बनाएं के ध्येय के साथ आयोजित प्रतिभा उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन आगामी जोनल यूथ फेस्टिवल के लिए किया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजन में सांस्कृतिक समिति की सदस्य राजश्री एवं भारत भूषण सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों और कर्मचारियों का सहयोग रहा। प्रतिभा उत्सव का दूसरा दिन भी विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के साथ आयोजित किया जाएगा।