जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में भाग लेते विद्यार्थी। स्रोत : स्कूल
- फोटो : Archive
खोल। शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यालय के 50 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय कार्यप्रणाली और समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने युवा संसद की कार्यवाही का जीवंत प्रदर्शन करते हुए प्रश्नकाल, चर्चा और संवाद के माध्यम से संसदीय परंपराओं व लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रस्तुत किया। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल, विषय-वस्तु की समझ और प्रस्तुति की सराहना की।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डायट से आए डॉ. नरेन पाल, डॉ. हरीश और डॉ. सुदेश शर्मा शामिल रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली और जिम्मेदार नागरिक बनने के महत्व से अवगत कराया। प्रतियोगिता की अध्यक्षता कोऑर्डिनेटर प्राचार्य सरोज यादव ने की। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा विभाग की ओर से समय-समय पर आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम समन्वयक की भूमिका मुकेश कुमार ने निभाई। आयोजन में सुधीर हरषु और कविता कुमारी ने सहयोग किया। विद्यालय की प्राचार्य संतोष कुमारी ने विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना की।