रेवाड़ी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (आईजीयू) मीरपुर में विरोध प्रदर्शन किया। विवि प्रशासन ने उनकी समस्याएं सुनकर उनके समाधान का आश्वासन दिया है।
प्रदर्शन के दौरान मुख्य मांगों में सभी परीक्षाओं में ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम का विकल्प, आंतरिक मूल्यांकन की सूची सभी महाविद्यालयों द्वारा प्रकाशित करने का नोटिस जारी करना, पीएचडी में नेट व जेआरएफ को बराबर महत्व दिया जाना, पीएचडी में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा लागू करना, रुके हुए परीक्षा परिणामों को जारी करना, प्रमोटेड छात्रों के रिजल्ट की समस्याओं का समाधान करना, री-अपीयर की बढ़ाई गई फीस को कम करना, पेपर का समय तीन घंटे ही रखे जाने सहित अन्य मांगों को शामिल किया गया है।
दो घंटे किया प्रदर्शन, मिला आश्वासन
छात्रों की ओर से करीब दो घंटे तक मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया गया। छात्रों के नहीं मानने पर अंदर बुलाया गया। वीसी बिल्डिंग के बाहर रजिस्ट्रार डॉ. प्रमोद भारद्वाज, परीक्षा नियंत्रक व प्रो. एसएस चाहर ने समस्याएं सुनकर उनके समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य विशाल राव, प्रांत मीडिया संयोजक सौरव यादव, एनसीसी संयोजक मोहित कुमार, नगर सह-मंत्री सागर यादव, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सौरभ सैनी, सेवार्थ विद्यार्थी आयाम के जिला संयोजक योगेश भारद्वाज, आशीष, सौरव, अजीत, दीक्षा यादव, सीमा यादव, शिवानी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।