गांव माजरा गुरदास विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थी। स्त्रोत: पुलिस
रेवाड़ी। पुलिस ने शनिवार को गांव माजरा गुरदास स्थित बाल विकास विद्यालय में विद्यार्थियों और आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक किया। इस दौरान लोगों को शिक्षा और खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान अब तक 292 नशा पीड़ित लोगों की पहचान की जा चुकी है, जबकि 96 लोगों का उपचार कराया गया है। पुलिस टीम गांवों और वार्डों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर नशे की लत से प्रभावित लोगों की पहचान कर रही है।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से बचाकर शिक्षा और खेलों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने नशे का कारोबार करने वालों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। नशे से संबंधित सूचना मानस हेल्पलाइन 1933 या डायल 112 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।