जिले के धारूहेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की 12वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा द्वारा आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया है। दो सहपाठियों द्वारा वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने से आहत होकर छात्रों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस के अनुसार, एक गांव निवासी छात्रा 12वीं कक्षा में निकटवर्ती गांव के राजकीय स्कूल में पढ़ती थी। आरोप है कि इसी स्कूल में छात्रा के साथ पढ़ने वाले एक छात्र ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वह छात्रा को वीडियो दिखाकर दोस्ती के लिए दबाव डालने लगा। इस बात को लेकर स्कूल में झगड़ा भी हो गया। एक छात्र ने वीडियो बनाने वाले छात्र को ऐसा नहीं करने की नसीहत दी जिस पर दोनों में 9 मार्च को झगड़ा भी हो गया, जिससे विद्यार्थियों को इस बात का पता चला। घटना से आहत होकर छात्रा ने घर जाकर शाम को जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर बुधवार को छात्रा की मौत हो गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भी भेज दिया गया है।