भाकली में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते विद्यार्थी व स्टाफ। स्रोत : स्कूल
कोसली। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भाकली में विद्यार्थी परिषद का अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें नवगठित विद्यार्थी परिषद के सदस्यों को उनके दायित्व और पद की शपथ दिलाई गई।
समारोह के अंतर्गत अंशू एवं चेतना कक्षा बारहवीं को विद्यालय कप्तान, मोक्ष एवं रिया, कक्षा ग्यारहवीं को विद्यालय उप-कप्तान तथा ध्रुव सेन एवं महक, कक्षा बारहवीं को विद्यालय खेल कप्तान के रूप में चुना गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की ओर से अनुशासित एवं आकर्षक परेड का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व विद्यालय के शारीरिक शिक्षक महेंद्र कुमार ने किया। विद्यालय के प्राचार्य बीर सिंह ने विद्यार्थी परिषद के सभी सदस्यों को पद एवं कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। प्राचार्य बीर सिंह ने विद्यार्थी परिषद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व, सहयोग एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने नवनिर्वाचित परिषद के सदस्यों को अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के हिंदी शिक्षक निसार अहमद ने किया। समारोह ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन एवं विद्यालय के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।