रेवाड़ी। शहर के सर्कुलर रोड समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण रात के अंधेरा में दुर्घटना के साथ आपराधिक वारदात होने का डर बना रहता है। नगर परिषद की ओर से प्रकाश के नाम पर लाखों खर्च होने के बाद स्ट्रीट लाइट दुरुस्त नहीं की जा रही है।
नगर परिषद ने इस वर्ष भी स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के लिए नया टेंडर जारी किया है लेकिन कई मार्गों और मोहल्लों में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हुई हैं। सरकुलर रोड, दिल्ली रोड, गढ़ी बोलनी रोड, बावल रोड, अनाज मंडी रोड, पुराना हाउसिंग बोर्ड और भाड़ावास रोड पर स्ट्रीट लाइट बंद हैं।
भाड़ावास गेट के पास स्थित नगर परिषद कार्यालय के बाहर भी स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी है। सर्कुलर रोड पर अग्रसेन चौक से ब्रह्मगढ़, बावल चौक, अग्रसेन चौक से धारूहेड़ा चुंगी और झज्जर चौक से नाईवाली चौक के बीच कई स्ट्रीट लाइटें बंद होने से रात के समय अंधेरा रहता है।
नगर परिषद हर वर्ष स्ट्रीट लाइटों के मेंटेनेंस पर लाखों रुपये खर्च करती है। इसके बावजूद सड़कों पर लाइटें बंद रहती हैं। नया टेंडर होने के बाद ठेकेदार कुछ दिनों तक ही मरम्मत कार्य पर ध्यान देता है। इसके बाद व्यवस्था फिर लचर हो जाती है। बिजली के खंभों पर लगाई गई तिरंगा लाइटें भी बंद पड़ी हैं।
मेन बाजार में भी कई स्थानों पर अंधेरा
शहर के प्रमुख बाजारों में कई जगह रात में अंधेरा रहता है। पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मोती चौक, पुरानी सब्जी मंडी, बारा हजारी रोड, जीवली बाजार, रेलवे रोड, काठमंडी और केवल बाजार सहित अन्य बाजारों में भी कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें नहीं होने से रात के समय अंधेरा छाया रहता है। इससे चोरी की घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
भाड़ावास रोड आरओबी पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग
भाड़ावास रोड पर बने नए ओवरब्रिज और अंडरपास पर स्ट्रीट लाइटें नहीं होने से रात में अंधेरा रहता है। इससे आसपास की कॉलोनियों के लोगों और वाहन चालकों को हादसे का डर बना रहता है। स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन को आरओबी और अंडरपास में स्ट्रीट लाइटें लगाने की मांग से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
-
वर्जन
शहर की सभी स्ट्रीट लाइटों का दुरूस्त किया जा चुका है। कहीं पर लाइट खराब होने की सूचना मिलती है तो वह ठीक कराई जाती है। यदि लाइटें नहीं जल रही हैं तो उसे दिखवा कर ठीक करा दिया जाएगा।- अंकित वशिष्ठ, एक्सईएन, नगर परिषद।
रेवाड़ी। नेहरू पार्क के सामने स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से छाया अंधेरा। संवाद- फोटो : गदागंज क्षेत्र के गोड़ा गांव में फाग गाते लोग।