संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे नंबर-48 अब रात में रोशन होगा। हाईवे पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू किया जाएगा। एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) ने धारूहेड़ा बिजली निगम को स्ट्रीट लगाने का कार्य सौंपा है।
इस कार्य के लिए बिजली निगम ने टेंडर जारी कर दिया है। हाईवे पर खंभे पहले ही लगाए जा चुके है। अब लाइट फिटिंग का कार्य होगा। इस पर करीब 9 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। एनएच-48 पर धारूहेड़ा थाना से हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 6 की दोनों तरफ का करीब 1 किलोमीटर तक लाइट लगाने का कार्य किया जाएगा। फ्लाईओवर पर सात साल पहले खंभे लगाए गए थे, लेकिन अभी तक उन पर लाइट नहीं लग पाई है। लाइट को चालू करने को लेकर स्थानीय लोग कई बार गुहार लगा चुके हैं। पिछले वर्ष एक कंपनी की ओर से लाइट का कार्य करने की बात सामने आ रही थी, लेकिन अब एनएचएआई ने कार्य बिजली निगम को सौंप दिया है। कई बार अंधेरे का लाभ उठाकर बदमाश हाईवे पर लूट की वारदात को अंजाम देते हैं। अगर रात के समय कोई सड़क हादसा होता है तो रेस्क्यू के दौरान भी अंधेरे के कारण पुलिस को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
यहां भी नहीं है लाइट की व्यवस्था
जिले की सीमा में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर साहबी पुल, आसलवास से लेकर जयसिंहपुर खेड़ा बार्डर पर लाइट की व्यवस्था नहीं है। इधर भी लाइट की काफी जरूरत है। इन स्थानों पर स्ट्रीट लाइन नहीं होने से वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। दिल्ली जयपुर हाईवे से रोजाना करीब 80 से 90 हजार वाहन गुजरते हैं। धारूहेड़ा, रेवाड़ी, बावल, खुशखेड़ा, भिवाड़ी, टपूकड़ा, शाहजहांपुर, बहरोड़, नीमराना, जयपुर से औद्योगिक इलाकों से वाहन आते जाते हैं।
-
वर्जन
हाईवे पर लाइट लगाने का कार्य बिजली निगम धारूहेड़ा को सौंपा गया है। इसका टेंडर जारी किया जा चुका है। चार जगह ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे। धारूहेड़ा थाना से लेकर हाउसिंग बोर्ड तक दोनों तरफ की स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य जल्द ही समाप्त कर दिया जाएगा।-आनंद कुमार, जेई, बिजली निगम धारूहेड़ा।