रेवाड़ी। उच्च शिक्षा एवं शिक्षकों की लंबित मांगों तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर हरियाणा फेडरेशन ऑफ यूनिवर्सिटी एंड कॉलेज टीचर ऑर्गेनाइजेशन्स (एचएफयूसीटीओ) की ओर से 24 सितंबर को इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर में राज्य स्तरीय सांकेतिक धरना आयोजित किया जाएगा। धरना दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलपति के माध्यम से मुख्यमंत्री हरियाणा के नाम मांग-पत्र सौंपा जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन एवं प्रबंधन इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (आईजीयूटीए), मीरपुर की ओर से किया जा रहा है। धरने में प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों के शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी और विद्यार्थी शामिल होंगे।
आईजीयूटीए की अध्यक्ष प्रो. सविता श्योराण ने बताया कि धरने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की लंबित मांगों और उच्च शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को सरकार के समक्ष रखने के लिए एचएफयूसीटीओ की ओर से प्रदेशव्यापी धरना श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि श्रृंखला की शुरुआत 1 सितंबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एआईएफयूसीटीओ के उपाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र चाहर और एचएफयूसीटीओ के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र खटकड़ के नेतृत्व में हुई थी। इसके बाद 15 सितंबर को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार में जीजेयूटीए की ओर से सांकेतिक धरना दिया गया।
इसी क्रम में वीरवार को आईजीयू मीरपुर में राज्य स्तरीय धरना होगा। प्रो. श्योराण ने बताया कि इसमें प्रदेशभर से सैकड़ों शिक्षक एवं विद्यार्थी शामिल होकर उच्च शिक्षा से जुड़े मुद्दों और शिक्षकों की लंबित मांगों को सरकार के समक्ष रखेंगे। धरने के बाद प्रतिनिधिमंडल कुलपति के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम मांग-पत्र सौंपेगा।