रेवाड़ी। कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से 2 सितंबर को सुबह 10 बजे मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर, कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय बीन वादन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ पांच सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे।
प्रथम पुरस्कार के रूप में 75 हजार रुपये, द्वितीय के लिए 60 हजार और तृतीय पुरस्कार के लिए 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। पांच सांत्वना पुरस्कारों के तहत प्रत्येक विजेता दल को 10 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी का हरियाणा का मूल निवासी होना अनिवार्य है। प्रतिभागियों को आधार कार्ड साथ लाना होगा। प्रत्येक दल में 8 से 10 कलाकार होने चाहिए, जिनमें कम से कम 3 से 4 बीन वादक शामिल हों। प्रतिभागियों के लिए हरियाणवी लोक परिधान में प्रस्तुति देना अनिवार्य होगा।