रेवाड़ी। कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की तरफ से 2 सितंबर को सुबह 10 बजे कुरुक्षेत्र के मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर हरियाणा कला परिषद में राज्यस्तरीय बीन दलों की प्रतियोगिता होगी। इसका उद्देश्य हरियाणा की समृद्ध लोक कला एवं लोक संगीत परंपराओं को बढ़ावा देना और बीन वादन से जुड़े कलाकारों को मंच प्रदान करना है।
विभाग की ओर से प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता दलों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ-साथ पांच सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में 75 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 60 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
पांच सांत्वना पुरस्कार प्रत्येक 10 हजार रुपये की राशि के होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्रतिभागियों का हरियाणा का मूल निवासी होना अनिवार्य है तथा उन्हें आधार कार्ड साथ लाना होगा। प्रत्येक दल में 8 से 10 कलाकार होना आवश्यक है, जिनमें कम से कम 3 से 4 बीन वादक शामिल होने चाहिए। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुति हरियाणवी लोक परिधान में देना अनिवार्य होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले दलों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा दैनिक भत्ता प्रदान नहीं किया जाएगा। प्रतियोगिता के संबंध में निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।