रेवाड़ी। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नगर निकाय चुनावों को लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
इस दौरान संभावित उम्मीदवारों के साथ विस्तृत बातचीत की गई और वार्डवार प्रत्याशियों को बुलाकर उनकी दावेदारी पर चर्चा की गई।बताया जा रहा है कि प्रत्येक वार्ड में 4 से 5 उम्मीदवार टिकट की दौड़ में शामिल हैं।
पार्टी की ओर से पार्षद पद के उम्मीदवारों को भी चुनाव चिन्ह (सिंबल) दिए जाने की तैयारी चल रही है, जिस पर गहन मंथन किया जा रहा है। सुरेंद्र पूनिया ने कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक लिया और जमीनी स्थिति की जानकारी हासिल की।
उन्होंने संभावित प्रत्याशियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी तैयारी, जनसमर्थन और क्षेत्रीय स्थिति को परखा। पार्टी नेतृत्व हर वार्ड में मजबूत और जीतने वाले उम्मीदवार को उतारने की रणनीति पर काम कर रहा है।
फिलहाल भाजपा ने अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं और संगठन स्तर पर बैठकों का दौर जारी है, जिससे आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।