रेवाड़ी। जिले के राजकीय विद्यालयों में कार्यरत शारीरिक शिक्षकों की खेल उपलब्धियों और विशेषज्ञता को अब पोर्टल पर पंजीकृत करना होगा। इसके लिए खेल मंत्रालय ने नेशनल स्पोर्ट्स रिपॉजिटरी सिस्टम (एनएसआरएस) पोर्टल शुरू किया है। इस पोर्टल पर शारीरिक शिक्षकों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, खेल अनुभव, विशेषज्ञता और अन्य जानकारियां ऑनलाइन दर्ज करनी होंगी।
जिले के राजकीय विद्यालयों में करीब 135 शारीरिक शिक्षक कार्यरत हैं। इनके अलावा हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत कार्यरत शिक्षकों की संख्या अलग है।
शिक्षा विभाग की ओर से सभी संबंधित शिक्षकों को पोर्टल पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल राजकीय शिक्षण संस्थानों, विशेषकर सरकारी विद्यालयों के शारीरिक शिक्षकों को kheloindia.gov.in पर अपना विवरण दर्ज करना है। शिक्षक मोबाइल के माध्यम से भी पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं।
पंजीकरण के दौरान शिक्षकों को अपना नाम, विद्यालय का नाम व पता, कर्मचारी आईडी, संपर्क नंबर, शैक्षणिक योग्यता, खेल विशेषज्ञता, कार्य अनुभव और सेवाकाल से संबंधित जानकारी देनी होगी। इसका उद्देश्य देशभर के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों का एक डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है, ताकि उनकी विशेषज्ञता और अनुभव के अनुसार खेल गतिविधियों में जिम्मेदारी दी जा सके।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मिल सकता है अवसर
सहायक शिक्षा खेल अधिकारी भूपेंद्र यादव ने बताया कि केंद्र सरकार ने खेलो इंडिया नीति और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत शारीरिक शिक्षकों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। इससे स्कूल नेशनल सहित केंद्र सरकार की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए जरूरी आंकड़े उपलब्ध होंगे। पंजीकृत शिक्षकों को उनकी विशेषज्ञता और जरूरत के अनुसार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों के लिए आमंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि शारीरिक शिक्षक स्कूलों में बच्चों की खेल प्रतिभा पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में सभी शिक्षकों की जानकारी एक मंच पर उपलब्ध होने से खेल नीति तैयार करने, शिक्षक प्रशिक्षण और प्रतिभाओं की पहचान करने में मदद मिलेगी। आने वाले समय में निजी और अनुदान प्राप्त शिक्षण संस्थानों के शारीरिक शिक्षकों को भी इस व्यवस्था में शामिल किए जाने की संभावना है।