रेवाड़ी। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे की ओर से 13 सितंबर को रेवाड़ी-जयपुर-रेवाड़ी परीक्षा स्पेशल रेलसेवा का संचालन किया जाएगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार रेवाड़ी-जयपुर परीक्षा स्पेशल 13 सितंबर को रेवाड़ी से दोपहर साढ़े 3 बजे रवाना होकर शाम 7 बजकर 40 मिनट पर जयपुर पहुंचेगी।
इसी प्रकार जयपुर-रेवाड़ी परीक्षा स्पेशल 13 सितंबर को जयपुर से शाम साढ़े 4 बजे रवाना होकर रात 10 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। परीक्षा के लिए जयपुर जाने वाले विद्यार्थियों को इस विशेष रेलसेवा से सुविधा मिलेगी।
रेलसेवा का दोनों दिशाओं में हरसौली, खैरथल, अलवर, मालाखेड़ा, राजगढ़, बांदीकुई, दौसा, गैटोर जगतपुरा और गांधीनगर जयपुर स्टेशनों पर ठहराव होगा। रेलवे के अनुसार परीक्षा स्पेशल में कुल 13 डिब्बे होंगे। इनमें 11 साधारण श्रेणी के डिब्बों के साथ दो गार्ड डिब्बे शामिल हैं।