रेवाड़ी। आगामी त्योहारों को देखते हुए रेलवे ने रींगस-रेवाड़ी के बीच विशेष रेलसेवा चलाने का निर्णय लिया है। रींगस-रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल रींगस से रात 11:55 बजे रवाना होकर सुबह 4 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने यह जानकारी दी।
यह ट्रेन 22, 23, 29 और 30 अगस्त तथा 5, 6, 7, 12, 13, 19, 20 और 22 सितंबर को चलेगी। रींगस से चलकर ट्रेन श्रीमाधोपुर, नीम का थाना, नारनौल और अटेली होते हुए रेवाड़ी पहुंचेगी। इसी तरह रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल रेवाड़ी से रात 8:20 बजे रवाना होगी और रात 11:20 बजे रींगस पहुंचेगी। यह ट्रेन 23, 24, 30 और 31 अगस्त तथा 6, 7, 8, 13, 14, 20, 21 और 23 सितंबर को चलेगी।
रेवाड़ी से चलने वाली ट्रेन अटेली, नारनौल, नीम का थाना और श्रीमाधोपुर होते हुए रींगस जाएगी। विशेष ट्रेन में सामान्य श्रेणी के नौ डिब्बे और दो गार्ड डिब्बे समेत कुल 11 डिब्बे होंगे। त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष रेलसेवा से रींगस, नारनौल, अटेली और रेवाड़ी के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।