धारूहेड़ा थाना क्षेत्र में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाते टीम। स्रोत : पीआरओ
धारूहेड़ा। थाना धारूहेड़ा पुलिस, डॉग स्क्वायड व कमांडो के जवानों ने संयुक्त रूप से मंगलवार को थाना क्षेत्र के बास रोड व टाऊन पार्क में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने यहां पर जाकर झुग्गी-झोपड़ियों और संदिग्ध स्थानों की जांच की। इस दौरान पुलिस टीम ने वहां पर रह रहे बाहरी श्रमिकों की भी जानकारी ली और उनके पहचान पत्र भी जांचे।
अभियान के तहत पुलिस ने बाहरी लोगों की पहचान सुनिश्चित की तथा संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की। इसके साथ ही पुलिस ने वाहनों के कागजातों की भी जांच की। थाना धारूहेड़ा प्रबंधक निरीक्षक जगदीश चंद ने बताया कि पुलिस की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को काबू करने के लिए यह सर्च अभियान चलाया गया।
धारूहेड़ा थाना क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर काम्बिंग सर्च अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को किसी प्रकार की आपत्तिजनक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जिला में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। थाना धारूहेड़ा प्रबंधक निरीक्षक जगदीश चंद ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर कोई नशीला पदार्थ बेचता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें, पुलिस तुरंत एक्शन लेगी। उन्होंने कहा कि यदि आपके आसपास कोई भी असामाजिक तत्व संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे या किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत संबंधित थाना या डायल 112 पर इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।