रेवाड़ी। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से जिले के एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से एक विशेष ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जाट धर्मशाला में आयोजित हुआ, जिसमें जिले के लाभार्थियों ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर डीसी अभिषेक मीणा, जबकि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक अरुण कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस शिविर में 100 से अधिक लाभार्थियों को लगभग 90 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए, जिससे वे अपने व्यवसायों को आगे बढ़ाने और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अग्रसर हो सकें।
इसके अतिरिक्त कुछ सफल लाभार्थियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, जिन्होंने मंच पर अपने अनुभव साझा किए और बताया कि यूनियन बैंक द्वारा प्रदान की गई वित्तीय सहायता ने उनके व्यवसाय और आजीविका को किस प्रकार सशक्त बनाया। कार्यक्रम के समापन पर उपायुक्त अभिषेक मीणा और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के जीएम अरुण कुमार ने विशेष पहल का औपचारिक अनावरण किया। इसके साथ ही लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।