स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि शहीद केवल एक परिवार या गांव तक सीमित नहीं होते बल्कि पूरे देश की धरोहर होते हैं। दक्षिणी हरियाणा की पहचान ही अमर शहीदों से है जहां हर घर से सैनिक और हर गांव से वीरों की गाथाएं जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने शहीद कैलाश चंद की शहादत को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1993 में छत्तीसगढ़ में चुनाव ड्यूटी के दौरान माओवादियों से मुठभेड़ में उन्होंने वीरगति प्राप्त की थी। उनकी यह शहादत सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी। मंत्री ने रविवार को गांव भांडोर में शहीद कैलाश चंद की प्रतिमा का अनावरण किया गया।
गांव में विकास कार्यों के लिए आरती राव और विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने 11-11 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। मंत्री ने शहीद की वीरांगना भतेरी देवी और उनके परिवारजनों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि सरकार उनके साथ हर कदम पर खड़ी है। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक ने कहा कि शहीद कैलाश चंद का बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
-
कुंड में इन कार्यक्रमों में लिया भाग
स्वास्थ्य मंत्री ने गांव कुंड में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया। वह गांव कुंड में डॉ. संजय के आवास और डॉ. अरविंद के आवास पर आयोजित सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हुईं।
माजरा एम्स में जल्द शुरू होगी ओपीडी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गांव माजरा में निर्माणाधीन एम्स में एमबीबीएस की 50 सीटों को स्वीकृति मिल चुकी है। अब एम्स में ओपीडी शुरू करवाई जाएगी। जल्द ही एम्स का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। सरकारी अस्पतालों में आधुनिक मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
पीजीआई के अधिकारियों को किया तलब
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रोहतक पीजीआई में निरीक्षण के दौरान मिली लापरवाही पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जवाब तलब किए गए हैं। पीजीआई के डायरेक्टर को चंडीगढ़ बुलाया गया है। आगे कहा कि कमियां हर चीज में होती है, साफ सफाई पर और ध्यान देना होगा। प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और सिविल अस्पतालों में जहां गार्ड की जो जरूरत होगी, वह पूरी की जाएगी।