रेवाड़ी। शहर के मोहल्ला शुक्रपुरा में एक बदमाश ने बुजुर्ग महिला को स्कूटी पर लिफ्ट देकर कुछ दूर चलने के बाद उसके साथ लूटपाट की। आरोपी ने महिला से चेन औैर चूड़ियां छीन लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शहर के मोहल्ला शुक्रपुरा स्थित मोनू बेकरी के पास रहने वाली तुलसी देवी (66) 18 नवंबर को सुबह घर के बाहर बैठकर धूप सेंक रही थीं। इसी दौरान स्कूटी पर एक आरोपी उसके पास पहुंचा। आरोपी ने खुद को तुलसी देवी के बेटे प्रवीण का दोस्त बताते हुए बातचीत शुरू की।
साइज देने के बहाने उतरवाईं चूड़ियां
कुछ देर बात करने के बाद आरोपी ने तुलसी देवी से कहा कि उसे प्रवीण ने ही भेजा है और वह उनकी सोने की नई चूड़ियां बनवा रहा हैं। इसलिए वह उन्हें बुला रहा है। बुजुर्ग महिला उसकी बातों में आ गई और उसके साथ स्कूटी पर बैठकर चल पड़ी। घर से 200 मीटर आगे चलते ही आरोपी ने तुलसी देवी से चूड़ियों का साइज देने के बहाने दोनों हाथों में पहनी सोने की चूड़ियां उतरवाईं और लेकर भाग गया।
काफी देर किया इंतजार, फिर घर पहुंची
तुलसी देवी ने बताया कि काफी देर तक वह मौके पर ही खड़ी रही, लेकिन आरोपी वापस नहीं लौटा तो वह घर आ गई। वह बुरी तरह घबरा गई। उसने घर पहुंचे बेटे प्रवीण को घटना की जानकारी दी। प्रवीण ने पुलिस को शिकायत दी। सिटी पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। साथ ही शुक्रपुरा क्षेत्र में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरे भी जांचे।