कोसली। राजकीय महाविद्यालय कोसली के सात दिवसीय शिविर के पांचवें दिन का शुभारंभ प्रार्थना और योग सत्र से हुआ। स्वयंसेवकों ने बलखंडी मंदिर की सफाई की। मुख्य वक्ता तेजपाल यादव समाजसेवी कोसली ने कहा कि जल है तो कल है। जल को बेवजह बर्बाद किया जाता है। यह नहीं भूलना चाहिए कि जल संकट का समाधान जल संरक्षण से ही हो सकता है।
जल के बिना सुनहरे कल की कल्पना नहीं की जा सकती। जीवन के सभी कार्यों का निष्पादन करने के लिए जल की आवश्यकता होती है। प्राचार्य डॉक्टर सुधीर कुमार यादव ने जल ही जीवन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वयंसेवकों ने पर्यावरण प्रदूषण विषय पर गांव की चौपाल में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर पर्यावरण प्रदूषण से होने वाले संकटों के बारे में लोगों को जागरूक किया। डॉ विवेक कुमार और डॉक्टर लाजवंती ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ विषय पर अपना वक्तव्य देकर स्वयंसेवकों को लाभान्वित किया।