सदर थाना क्षेत्र के गांव जाट सायरवास में छुट्टी पर सैनिक की संदिग्ध मौत के मामले में शुक्रवार को ग्रामीणों ने सदर थाना पहुंच कर पत्नी पर संदेह जताया है। परिजनों का आरोप है कि मृतक की पत्नी परिजनों को गुमराह कर रही है। वहीं थाना प्रभारी ने जांच का हवाला देते हुए कहा कि अभी जांच पूरी नहीं हुई है, जल्द ही पत्नी से भी पूछताछ की जाएगी।
बता दें कि गांव जाट सायरवास निवासी 27 वर्षीय दीपक कुमार सेना में कार्यरत था और वर्तमान में छुट्टी लेकर अपने घर आया हुआ था। बुधवार की रात को वह छत पर बने कमरे में सो रहा था। वीरवार की सुबह दीपक उठ कर कमरे से नीचे नहीं आया, जिसके बाद परिवार के सदस्य छत पर पहुंचे तो दीपक अपने बेड पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। उसके गले पर रस्सी के गहरे निशान मिले थे, परंतु मौके से पुलिस को कोई रस्सी बरामद नहीं हुई थी। इसको लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की थी। सदर पुलिस ने आत्महत्या का मामला मानते हुए सामान्य कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू की थी। शुक्रवार को सदर थाना पहुंचे गांव के 100 से अधिक ग्रामीणों ने थाना प्रभारी भारत भूषण से मुलाकात की, जिसमें सैनिक के परिवार के लोग भी शामिल थे। ग्रामीण और परिवार के सदस्यों ने थाना प्रभारी को कहा कि उन्हें संदेह है कि उसने आत्महत्या नहीं, बल्कि उसकी हत्या हुई है। उनका शक सैनिक की पत्नी पर है। थाना प्रभारी ने कहा कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है, जल्द ही जांच पूरी कर सच्चाई का पता लगा लिया जाएगा। महिला से भी पुलिस पूछताछ करेगी।