भिवाड़ी। फर्जी आईपीएस बनकर थाने में रौब झाड़ने पहुंचे सॉफ्टवेयर इंजीनियर दिल्ली निवासी सौरभ कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता लगा कि इस नाम कोई आईपीएस नहीं है। सौरभ ने एक फर्जी आईडी कार्ड दिखाया जिस पर एसपीजी, एआईजी लिखा था जो नकली था।
भिवाड़ी थाना अधिकारी सचिन शर्मा ने बताया कि शुक्रवार की रात 9:30 बजे एक युवक स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर थाने पहुंचा। गेट पर खड़े संतरी को उसने बताया कि उसका नाम सौरभ कुमार है। वह आईपीएस अधिकारी है। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप में तैनात एआईजी रैंक पर है। युवक ने स्टाफ से कहा कि वह स्पेशल मिशन पर है, उसे रात में रुकने के लिए होटल में कमरा चाहिए।
सौरभ कुमार एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से थाने आया था जिस पर पुलिस लिखा हुआ था। शर्मा ने बताया कि मैंने जाकर सौरभ कुमार से बातचीत की संदेह हुआ। इसके बाद उसे केबिन में बिठाकर बाहर जाकर तहकीकात शुरू की। 30 मिनट तक केबिन में ही बिठाकर रखा।
पुलिस ने बताया कि सौरभ कुमार को हिरासत में लेकर जब उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि आईपीएस अधिकारियों को मिलने वाली सुविधाओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल और अन्य विशेषाधिकारों की जानकारी थी। इसी का गलत फायदा उठाकर उसने फर्जी कार्ड बनवाया और अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी पर पुलिस लिखवाकर विभिन्न इलाकों में खुद को बड़ा अधिकारी बताकर धाक जमाई। उसने कई जगहों पर विशेष सुविधाएं भी हासिल की थीं।
-
फर्जी दस्तावेज और गाड़ी जब्त
भिवाड़ी के एडिशनल एसपी अतुल साहू ने बताया कि सौरभ कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर फर्जी दस्तावेज और गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। एक डमी वॉकी टॉकी, पासपोर्ट और बैंक पासबुक भी बरामद की है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने और किन-किन जगहों पर यह फर्जीवाड़ा किया और क्या इसमें कोई बड़ा नेटवर्क शामिल है। सौरभ कुमार पेशे से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर है।
सेक्टर में पड़ा कचरा