रेवाडी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वीरवार को दो साधु वेशधारी और एक युवक ने टैंकर चालक का हाथ देखकर भविष्य बताने का झांसा देकर रोक लिया तथा मारपीट कर नकदी व एटीएम कार्ड छीनकर फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन साधु वेशधारियों का कुछ पता नहीं लग पाया। गढ़ी बोलनी चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के जिला फिरोजाबाद के गांव मुबारिकपुर निवासी लवकुश ने बताया कि वह दूध का टैंकर चलाता है। वीरवार को वह दूध का टैंकर रोहतक खाली करने के बाद वापस जयपुर जा रहा था। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वह एक ढाबा पर अपने साथी अवनीश के इंतजार में रुक गया। कुछ देर बाद अवनीश ने उससे एनएच-71 के फ्लाईओवर के पास आने के लिए कहा। वह अवनीश के पास जा रहा, इसी दौरान फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो दो साधु वेशधारी व एक युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे। उन्होंने बीच में पहुंचकर झगड़ा बंद कराया। साधु ने लवकुश से हाथ दिखाने के लिए कहा तथा हाथ देखकर भविष्य बताने के 50 रुपये ले लिए। इसी दौरान तीनों ने उन्हें पकड़ लिया तथा जेब से पर्स निकाल लिए। पर्स में करीब 9 हजार रुपये की नकदी व एटीएम था।