संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में विद्यालय प्रबंधन समिति (सीएमसी) के लिए प्रशिक्षण सह सम्मेलन बुधवार से आयोजित किए जाएंगे। रणवीर हुड्डा चौक के नजदीक धर्मशाला में जिलास्तरीय स्कूल प्रबंधन कमेटी (एसएमसी) का प्रशिक्षण व कॉन्फ्रेंस कार्यक्रम बुधवार की दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक कोसली लक्ष्मण सिंह यादव करेंगे। चेयरमैन बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा वीपी यादव विशेष अतिथि होंगे।जिला शिक्षा अधिकारी कपिल पूनिया ने बताया कि जिलास्तरीय एसएमसी के बाद स्कूल स्तर पर एसएमसी प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। बताया कि प्रशिक्षण सह सम्मेलन का उद्देश्य सभी जिलों में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) को मजबूत करना है। विभिन्न बुनियादी कार्यक्रमों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले एसएमसी सदस्यों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रत्येक जिले में 10वीं के दो और 12वीं कक्षा के सभी संकाय के आठ टॉपर को इनाम दिया जाएगा। नीट व जेईई एडवांस में पांच उच्चतम स्कोर वाले विद्यार्थी को भी पुरस्कृत किया जाएगा
एसएमसी सदस्यों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें सामाजिक व धार्मिक लेखा परीक्षा पारदर्शिता व जवाबदेही बनाए रखने के लिए वार्षिक विशेष ऑडिट सामाजिक आडिट करने की प्रक्रिया, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए प्रावधान समावेशी शैक्षिक वातावरण को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त सुविधाएं व सहायता सुनिश्चित करने, शैक्षणिक गतिविधियों का समीक्षा विद्यार्थियों का बौद्धिक स्तर बेहतर बनाने के लिए शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित समीक्षा और मूल्यांकन के लिए सर्वोत्तम अभ्यास का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा बुनियादी ढांचा विकास सिविल कार्य अनुकूल शैक्षिक पर्यावरण प्रदान करने के लिए स्कूल के बुनियादी ढांचे की योजना विकास व रखरखाव में एसएमसी की भूमिका, विद्यालय विकास योजनाएं तैयार शैक्षिक लक्ष्य निर्धारित करने, योजनाएं विकसित करने और नई शिक्षा नीति का समर्थन शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 के निर्देशों को समझने और लागू करवाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण का ये है मुख्य उद्देश्य
एसएमसी सदस्यों और जिला एवं राज्य अधिकारियों के बीच सीधी बातचीत की सुविधा प्रदान करना। एसएमसी के बीच सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने को बढ़ावा देना। विभिन्न जिलों में एसएमसी के बीच सहयोग बढ़ाना। प्रमुख एसएमसी सदस्यों के बीच स्पष्टता और प्रेरणा बढ़ाना। नई शिक्षा नीति-2020 का कार्यान्वयन करना। सामूहिक सीखने व नवीन जानकारियों को साझा करना।
वर्जन
जाट धर्मशाला में जिलास्तरीय स्कूल प्रबंधन कमेटी का ट्रेनिंग एवं कॉन्फ्रेंस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें हरियाणा सरकार में मुख्यअतिथि के रूप में शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा शिरकत करेंगी।-कपिल पूनिया, डीईओ शिक्षा विभाग रेवाड़ी।