संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। स्नातक में दाखिले के लिए महाविद्यालयों में ऑनलाइन आवेदन 9 जून तक किए जाएंगे। आवेदन के लिए महज 6 दिन बचे हैं लेकिन पोर्टल पर सिर्फ 40 प्रतिशत आवेदन ही आए हैं।
आवेदन के समय एनसीसी, एनएसएस प्रमाणपत्र, स्काउट एवं गाइड प्रमाणपत्र, खेल प्रमाणपत्र, 12वीं कक्षा में मेरिट प्रमाणपत्र संलग्न करने पर अतिरिक्त 10 मिलेंगे। कॉलेज की यूजी कक्षाओं में दाखिला लेने के लिए 19 मई से आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई जो 9 जून तक चलेगी।
आवेदन प्रक्रिया के बाद जिले के कॉलेजों की सीटों पर विद्यार्थियों को मेरिट के आधार पर दाखिले मिलेंगे। वहीं, महाविद्यालयों में 15 जून तक विद्यार्थियों के दस्तावेज का सत्यापन होगा।
10 जून तक आवेदन में संशोधन होगा। 11 जून को आवेदकों की सूची होगी जारी। 16 जून को आवेदकों की फाइनल सूची जारी होगी। 18 जून को पहली प्रोविजनल और 19 जून को फाइनल मेरिट सूची जारी होगी।
20 से 23 जून तक फीस जमा होगी, 25 जून को दूसरी प्रोविजनल मेरिट सूची जारी होगी। 26 जून को फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होगी। - 27 से 29 जून तक फीस जमा करवा सकेंगे।
जिले के 11 सरकारी, 4 सरकारी सहायता प्राप्त और 3 स्वयं वित्तीय पोषित सहित 18 कॉलेजों में विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। स्नातक कक्षाओं में दाखिला लेने के लिए कॉलेज प्रशासन की ओर से सभी कॉलेजों में सहायता केंद्र बनाए गए हैं। विद्यार्थी आवेदन से पहले हेल्प डेस्क पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
ये कागजात करने होंगे प्रस्तुत
ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान विद्यार्थियों को कागजात की फोटो अपलोड करनी होगी। पासपोर्ट साइज फोटो, आवेदक के हस्ताक्षर, 10वीं और 12वीं कक्षा की अंक तालिका, हरियाणा बोर्ड से बाहर के हैं तो माइग्रेशन सर्टिफिकेट, भारत स्काउट्स और गाइड, खेल प्रमाण पत्र, हरियाणा रिहायशी प्रमाण पत्र, आरक्षित वर्ग में हैं तो प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, कोई ईयर गैप है तो हलफनामा या प्रमाणपत्र संलग्न करना होगा।
वर्जन
कोसली राजकीय महाविद्यालय में अभी तक कुल 378 आवेदन आए हैं। दाखिला लेते समय सभी विद्यार्थियों को अपने अपडेट दस्तावेज अपलोड करवाने होंगे, ताकि विद्यार्थियों को दाखिले से संबंधित किसी तरह की कोई परेशानी न आए।-डॉ. विवेक कुमार, प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय कोसली।