रेवाड़ी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 का कार्य 5 जून से शुरू किया जाएगा। इसको लेकर लघु सचिवालय सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
डीसी ने बताया कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध करना है, जिसके तहत मृत व्यक्तियों के नाम हटाए जाएंगे, दोहरी प्रविष्टियों को समाप्त किया जाएगा, स्थानांतरित मतदाताओं की जानकारी अपडेट की जाएगी और नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए 1 जुलाई को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम के अनुसार 5 से 10 जून तक बीएलओ को प्रशिक्षण एवं सामग्री वितरण किया जाएगा। इसके बाद 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा, जबकि 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।
डीसी ने बताया कि हाइब्रिड मोड (ऑफलाइन और ऑनलाइन) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत वेबसाइट लिंक और क्यूआर कोड के माध्यम से कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकता है।
बीएलओ की भूमिका अहम
डीसी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ (बूथ लेवल एजेंट) की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। बीएलओ का कार्य मतदाताओं को एसआईआर की जानकारी देना, जागरुकता फैलाना, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देना तथा भरे हुए गणना प्रपत्रों को एकत्र कर बीएलओ तक पहुंचाना होगा।