रेवाड़ी। जिले में कोरोना का कहर जारी है। इसके बावजूद भी शहर के बजाजा बाजार व पैठ बाजार में न तो दुकानदार और न ही ग्राहक अपनी आदतों से बाज आते दिख रहे हैं। दुकानदार 10 से 15 ग्राहकों को एक साथ दुकान में घुसाकर शटर बंद कर देते हैं और खरीदारी के बाद उन्हें निकाल दिया जाता है।
कोरोना की चेन तोड़ने के लिए लागू लॉकडाउन की शहर में जगह-जबह धज्जियां उड़ती दिख रही है। ऐसे में सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि तेजी से कहर बरपा रहे कोरोना पर कैसे काबू किया जा सकेगा। बता दें कि बेकाबू होते कोरोना को कंट्रोल करने के लिए सरकार की ओर से लॉकडाउन लागू किया हुआ है। इस दौरान जरूरत की वस्तुओं को छोड़कर अन्य सभी दुकानों व संस्थानों को बंद कर दिया गया है। लॉकडाउन की अवहेलना करने वाले दुकानदारों के प्रशासन की ओर से चालान काटे जा रहे हैं। लेकिन प्रशासन की उदासीनता का ही परिणाम है कि दुकानदार मनमाना रवैया अपनाते हुए दुकानों को खोलकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। यही नहीं अधिकतर दुकानों को पर न तो सुरक्षा के लिए सैनिटाइजर या साबुन आदि रखा गया है, न ही मास्क का ध्यान दिया जा रहा है। इसको लेकर लोगों में चर्चा है कि अगर प्रशासन ने इस पर ध्यान नहीं दिया एक दूसरे को देख सभी दुकानें एक साथ खुलने लगेंगी, जो कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई को कमजोर करेगी।