सर्दी के कपड़े बेच रहा दुकानदार। संवाद
रेवाड़ी। ठंड का सीजन शुरू होते ही शहर के कपड़ा बाजारों में जैकेट की खरीदारी जोर पकड़ने लगी है। सुबह-शाम की बढ़ती ठंड ने लोगों को गर्म कपड़ों की ओर आकर्षित किया है जिसके चलते दुकानों पर जैकेट की बिक्री में वृद्धि देखी जा रही है।
बाजारों में रंग-बिरंगी जैकेटों की चकाचौंध ग्राहकों को अपनी ओर खींच रही है। दुकानदारों के मुताबिक इस वर्ष युवाओं में हुडी और लेदर जैकेट का क्रेज सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है। कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं और युवा वर्ग खासतौर से ट्रेंडी डिजाइनों वाली हुडी और स्टाइलिश लेदर जैकेट को प्राथमिकता दे रहे हैं।
बदलते फैशन और सोशल मीडिया ट्रेंड्स की वजह से युवाओं की पसंद में काफी बदलाव आया है जिसके चलते वे पहले से ही बड़े पैमाने पर स्टॉक तैयार कर चुके हैं। मुख्य बाजार, बावल रोड, मॉडल टाउन और धारूहेड़ा स्थित दुकानदारों पर इन दिनों ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। दुकानों पर फैंसी, स्पोर्ट्स और लेदर जैकेटों के साथ-साथ किड्स जैकेट की भी भारी मांग है। बच्चों के लिए कार्टून प्रिंटेड जैकेट और स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए हल्के वजन वाली जैकेट तेजी से बिक रही हैं।