चार दिन से लगातार बरसात के बाद जन स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की हकीकत सामने आई हैं। निकासी तो दूर की बात सीवर से उल्टे पानी निकल रहा है। हालात ऐसे हो चुके हैं कि कई कॉलोनियों के घरों में पानी भर गया है। गलियां तालाब में तब्दील हो चुकी हैं। इधर दूसरी ओर से जिम्मेदार जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के पास लोगों की समस्या सुनने तक का समय नहीं है। हालात इतने बद्तर हो चुके हैं कि इस विभाग के अधिकारी अपने मंत्री के निर्देशों तक की पालना नहीं कर पा रहे हैं।बुधवार से शहर में रुक-रुक कर लगातार बारिश हो रही है।
चार दिन की बारिश से शहर की इंद्राकॉलोनी, कालोनी, ऑफिसर कॉलोनी, सिविल अस्पताल, नई आबादी, कोर्ट रोड, बावल चौक, माडल टाउन व उत्तम नगर सहित निचले ईलाकों में पानी घरों तक पहुंच चुका है। ऐसे में जल भराव के चलते कुछ कॉलोनियों में कभी भी बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
शौचालयों का गंदा पानी से जिना मुश्किल: सुभाष
इंद्रा कॉलोनी निवासी सुभाष ने बताया कि पूूरे शहर का पानी इंद्रा कॉलोनी व नई बस्ती में आता है। जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से डाली गई सीवर लाईन पहले से हीं बंद पड़ी हुई हैं। बरसात से हालात इतने बद्तर हो गए हैं कि पानी घरों में घुस रहा है। जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। फोन तक नहीं उठाते हैं।
जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी नहीं करते सुनवाई : मदन
इंद्रा कॉलोनी निवासी मदने ने कहा कि अनेकों बार जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिकायत की जा चुकी है। बावजूद इसके कोई समाधान नहीं हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि शौचालय की गंदगी घरों में आ रही है। यहां पर बीमारी नहीं महामारी फैल सकती है।
महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी : इमरती देवी
इमरती देवी ने कहा कि जल भराव से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं के सामने आ रही है। सीवर के ढक्क्न टूट चुके हैं। सारी गंदगी घर में घुस रही है। बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। दावे खूब किए जाते हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो पा रही है।
जलभराव के चलते निकलना हुआ मुश्किल : योगेश
स्थानीय निवासी योगेश का कहना है कि जलभराव के चलते हालात बद्तर हो चुके हैं। बच्चों को स्कूल छोड़ने तक में परेशानी हो रही है। कई बार तो पानी में गिरने के चलते हादसे भी हो चुके हैं। बावजूद इसके शिकायत करने पर भी समाधान नहीं हो रहा है।
कहां है सिंगापुर का सपना दिखाने वाले : कैप्टन अजय
पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि बरसात व सीवर ओवरफ्लो से शहर की इंदिरा कॉलोनी, आफिसर कालोनी, सिविल अस्पताल, नई आबादी, कोर्ट रोड, बावल चौक, माडल टाउन सहित कई जगह पर तो पानी घरों में भर गया है। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेता कहते थे कि रेवाड़ी को सिंगापुर बना देंगें, ये नेता अब लोगों कहां पर हैं। लोग परेशान हैं, समस्याओं को तुरंत समाधान होना चाहिए।
सीवर बंद हो तो तुरंत करें ठीक : जन स्वास्थ्य मंत्री
जन स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर बनवारीलाल ने शनिवार को एक बैठक बुलाकर अधिकारियों को सख्ती से निर्देश देते हुए कहा कि सीवर ओवरफ्लो की समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनी। मंत्री ने कहा कि सरकार जल संरक्षण पर काम कर रही है।ल् कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।