रेवाड़ी। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हिस्सा लेने के लिए रेवाड़ी के 7 तलवारबाज शुक्रवार को कोच राजपाल यादव के साथ इंदौर (मध्यप्रदेश) के लिए रवाना हुई। यह प्रतियोगिता इंदौर में 11 से 15 मई तक होगी।
प्रतियोगिता के लिए प्रदेशभर से कुल 24 तलवारबाजों का चयन हुआ है। अन्य जिलों के खिलाड़ी भी अपने-अपने कोच के साथ इंदौर रवाना हुए हैं। रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में तलवारबाजी की आवासीय अकादमी चल रही है। इससे पहले यह तलवारबाजी का सेंटर था। यहां से कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई है।
कोच राजपाल यादव ने बताया कि उत्तम नगर से सचिन, मंदौला से यशराज, उत्तम नगर से विश्वजीत, राजीव नगर से ध्रुव के अलावा तेजस्विनी व विजेता का चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि एक खिलाड़ी राजस्थान से खेलेगा। उन्होंने बताया कि ये खिलाड़ी अलग-अलग इवेंट में खेलेंगे। इन खिलाड़ियों ने इससे पहले भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में मेडल जीते हैं।