रेवाड़ी। भाड़ावास रोड स्थित रेलवे एलसी-61 के पास फोर लेन आरओबी की सर्विस लेन चौड़ी की जाएगी। इसके लिए भूमि खरीद का रास्ता अब साफ हो गया है। न्यू आदर्श नगर, हंस नगर, परशुराम कॉलोनी और कंपनी बाग क्षेत्र के निवासियों के लिए यह राहत भरी खबर है। सर्विस रोड के लिए आवश्यक जमीन की डिजिटल डिमार्केशन और मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है।
जल्द ही संबंधित जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू होने की उम्मीद है। वार्ड 22 के नगर पार्षद देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि सर्विस रोड के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि खरीद का मामला काफी समय से लंबित था।
नगर परिषद रेवाड़ी की अध्यक्ष विनीता पीपल ने 13 अगस्त को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर करीब 19.98 करोड़ रुपये की बकाया राशि जारी करने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने जनहित के इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए करीब 20 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी।
राशि जारी होने के बाद संबंधित विभाग एचएसआरडीसी की ओर से लैंड एग्रीगेटर नरेंद्र कुमार पीपल को डिजिटल डिमार्केशन, मैपिंग और भूमि खरीद प्रक्रिया के संबंध में पत्र जारी किया गया।
इसके बाद 15 अगस्त को न्यू आदर्श नगर, परशुराम कॉलोनी, हंस नगर और आसपास के क्षेत्र में सीमांकन का कार्य किया गया। एग्रीगेटर नरेंद्र पीपल और पटवारी संजय शर्मा की मौजूदगी में संबंधित जमीन की पहचान और डिजिटल मैपिंग पूरी की गई।
छह से बढ़कर 25 फीट होगी सड़क
डिमार्केशन पूरा होने के बाद सर्विस रोड के चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। वर्तमान में करीब छह फीट चौड़ी सर्विस रोड को बढ़ाकर 24 से 25 फीट तक किया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क चौड़ी होने से रोजाना लगने वाले यातायात दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।
एंबुलेंस और दमकल की आवाजाही होगी आसान
सर्विस रोड चौड़ी होने का सबसे बड़ा लाभ आपातकालीन सेवाओं को मिलेगा। सड़क चौड़ी होने के बाद एंबुलेंस, दमकल की गाड़ियां, स्कूल वैन और कचरा उठाने वाले वाहनों को आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। स्थानीय निवासियों के अनुसार वर्तमान में सड़क संकरी होने के कारण कई बार वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है। पार्षद देवेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि जमीन की रजिस्ट्री की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। रजिस्ट्री पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।