संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। कस्बे में एक नौकर ने अपने मालिक के गोदाम से 12 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। वह चोरी का सामान पड़ोस में काम करने वाले मिस्त्री को बेचता रहा। काफी सामान गायब मिलने पर गोदाम मालिक ने सीसीटीवी कैमरे का फुटेज चेक किया तो नौकर की चोरी पकड़ी गई। मामले में धारूहेड़ा थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
कस्बा धारूहेड़ा निवासी राजेंद्र कुमार ने लोहे के पाइप और सरिया का बिजनेस किया हुआ है। राजेेंद्र ने अपना गोदाम धारूहेड़ा के ही बास रोड स्थित रामनगर में बनाया हुआ है। इस गोदाम पर करीब 2 वर्ष से उसने अलवर के अपने सुरेंद्र उर्फ गगन को बतौर नौकर रखा हुआ था। सुरेंद्र परिवार के साथ इसी गोदाम पर रहता था। राजेंद्र ने बताया कि चोरी छुपे पीछे से सुरेंद्र उनके गोदाम से रोजाना लोहे के पाइप और सरिया चोरी करता रहा और ये सरिए गोदाम के पास ही वेल्डिंग का काम करने वाले दो मिस्त्री को बेचता रहा। उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। करीब 12 लाख रुपये का सामान गोदाम से चोरी होने पर उन्हें शक हुआ। इसके बाद गोदाम पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किया तो उसमें नौकर चोरी कर हुए साफ दिखा।
सीसीटीवी में चोरी करते पकड़े जाने पर राजेंद्र और उसके बेटे ने नौकर सुरेंद्र को वीडियो दिखाया। इसके बाद नौकर ने अपनी गलती भी मानी और चोरी किए सामान के सारे पैसे वापस लौटाने की बात कही। इसके बादा भी उसने एक रुपया भी उन्हें वापस नहीं दिया। पीड़ित राजेंद्र ने बताया कि नौकर सुरेंद्र ने जिन दो दुकानदारों को चोरी किया माल बेचा उनका नाम राधेश्याम व सुरजीत है। राजेंद्र ने इससे संबंधित शिकायत धारूहेड़ा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।