संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए वर्ष 2025-26 के लिए वरिष्ठ नागरिक सम्मान पुरस्कार योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके तहत वरिष्ठ नागरिकों और संस्थाओं को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि हरियाणा सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से योजना के तहत समाजसेवा, कला, खेल और बहादुरी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बुजुर्गों को नई पहचान और प्रोत्साहन प्रदान करेगी।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत विभिन्न श्रेणियों जैसे शतवर्षीय पुरस्कार, श्रेष्ठ माता, शौर्य और बहादुरी, आजीवन उपलब्धि के साथ-साथ वरिष्ठ पेंटर, मूर्तिकार, संगीतकार और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
श्रेष्ठ पंचायत पुरस्कार, श्रेष्ठ स्वैच्छिक संगठन पुरस्कार, श्रेष्ठ वृद्धाश्रम और श्रेष्ठ दैनिक देखभाल केंद्र को भी पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार के रूप में कला और खेल श्रेणियों के लिए प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 30 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 20 हजार रुपये निर्धारित है।
संस्थागत श्रेणियों (जैसे श्रेष्ठ पंचायत और एनजीओ) के लिए प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये , द्वितीय 75 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपये प्रदान किया जाएगा। डीसी ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं अपनी उपलब्धियों के प्रमाण पत्र और दस्तावेजों सहित विभाग के पोर्टल पर 12 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन व्यक्तियों या संस्थाओं ने पिछले तीन वर्षों के दौरान यह पुरस्कार प्राप्त किया है, वे उसी श्रेणी में दोबारा आवेदन के पात्र नहीं होंगे।