विधायक अनिल का आभार जताते लोग। स्रोत : ग्रामीण
डहीना। गांव सीहा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एथलेटिक्स की नई खेल नर्सरी मंजूर की गई है। इसको लेकर खिलाड़ियों और विद्यार्थियों ने खुशी जताई है।
सरपंच प्रतिनिधि दीपक यादव ने बताया कि गांव के सरकारी स्कूल में पहले से दो खेल नर्सरी संचालित हो रही थीं। इस बार खेल विभाग और सरकार की ओर से केवल कबड्डी खेल नर्सरी मंजूर की गई थी जबकि एथलेटिक्स की खेल नर्सरी को मंजूरी नहीं मिली थी। इससे गांव के खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं में निराशा फैल गई थी।
इस संबंध में विद्यालय के प्राचार्य सत्यवीर नाहड़िया और सरपंच सरिता यादव ने विधायक अनिल यादव से मुलाकात कर स्कूल की खेल उपलब्धियों और खिलाड़ियों की जरूरतों से अवगत कराया। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम से बातचीत की। इसके बाद एथलेटिक्स की खेल नर्सरी को नए सिरे से मंजूरी मिल गई।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे गांव के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। खेल प्रतिभाओं को अब अपने ही क्षेत्र में अभ्यास और प्रशिक्षण की सुविधा मिल सकेगी, जिससे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे।
खेल नर्सरी मंजूर होने के बाद ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने हरियाणा सरकार के एमिनेंट पर्सन विक्रम पांडेय की अगुवाई में विधायक अनिल यादव से मुलाकात कर उनका धन्यवाद किया। इस दौरान रामनिवास, भीम, कोच होशियार सिंह तथा संदीप कुमार भी मौजूद रहे।
विधायक अनिल यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाएं बढ़ाने से युवाओं को नई दिशा मिलेगी और वे खेलों के माध्यम से अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकेंगे।