रेवाड़ी। शहर के नागरिक अस्पताल की नई बिल्डिंग पर तीसरी मंजिल पर बने कोरोना आइसोलेशन वार्ड से सोमवार सुबह कोरोना संक्रमित बिजली निगम के सेवानिवृत एसडीओ ने खिड़की से कूदकर जान दी। उसके आत्महत्या किए जाने का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह पहले खिड़की से बाहर निकलकर छज्जे पर आकर बैठते है और फिर सीधे नीचे छलांग लगा रहे है। इस पूरे मामले में विभाग की लापरवाही भी देखी जा सकती है। हालांकि पूर्व एसडीओ के बेटे ने अपने पिता के मानसिक रूप से परेशान होने की जानकारी भी दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार झज्जर के गांव दोहड़ निवासी करीब 60 वर्षीय युद्धवीर सिंह पिछले माह ही बिजली निगम में एसडीओ के पद से रिटायर्ड हुआ था। वह शहर के सेक्टर-4 स्थित अपने भाई के मकान पर रह रहा था। कुछ दिन से उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। उसके बाद कोरोना की जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रविवार को उन्हें नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। तीसरी मंजिल पर स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती पूर्व एसडीओ ने सोमवार को करीब सवा 11 बजे खिड़की से कूदकर जान दे दी। उनके खिड़की से कूदने का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह पहले खिड़की के साथ छज्जे पर बैठे और फिर नीचे कूद गए। उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल के साथ बने ट्रॉमा सेंटर में ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है। पूर्व एसडीओ के बेटे ने बताया कि वह मानसिक रूप से भी परेशान थे। हालांकि आत्महत्या के असली कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
नीचे खड़े लोग चिल्लाते रहे
युद्धवीर सिंह जिस समय आइसोलेशन वार्ड से निकलकर खिड़की के बाहर पहुंचे तो नीचे कोरोना का टेस्ट कराने के लिए खड़ी लोगों की भीड़ में से किसी की नजर उन पर पड़ गई। कुछ लोग वीडियो बनाने में लग गए तो कुछ चिल्लाने लगे। इसी बीच युद्धवीर सिंह ने नीचे छलांग लगा दी। इसमें सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिस समय युद्धवीर सिंह खिड़की से बाहर निकले उस समय वार्ड में कोई कर्मचारी था या नहीं, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। सूत्रों के अनुसार वार्ड में भर्ती लोगों की देखरेख के लिए उस समय कोई नहीं था।