फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: एक माह बाद फिर गुलजार होंगे स्कूल, कल से लौटेगी बच्चों की रौनक

Tue, 30 Jun 2026 12:11 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
स्कूल खुलने से पहले घर पर बैठकर छुट्टियों का होमवर्क पूरा करते विद्यार्थी। संवाद
विज्ञापन
रेवाड़ी। विद्यालयों में एक महीने का ग्रीष्मकालीन अवकाश 30 जून को समाप्त हो जाएगा। बुधवार से कक्षा पहली से 12वीं तक के स्कूल खुल जाएंगे। लंबे अवकाश के बाद स्कूलों में फिर बच्चों की रौनक लौटेगी। पहली जुलाई से पढ़ाई शुरू होने को लेकर अभिभावक और बच्चे तैयारियों में जुटे हैं। अभिभावक स्टेशनरी, यूनिफॉर्म आदि खरीद रहे हैं। वहीं स्कूलों में सफाई, पेयजल आदि सुविधाएं दुरुस्त की गई हैं।
विज्ञापन

विद्यार्थियों में स्कूल जाने को लेकर उत्साह है। अभिभावक भी तैयारियों में जुटे हैं। सोमवार को शहर की स्टेशनरी और यूनिफॉर्म की दुकानों पर अभिभावकों ने बच्चों के लिए नई कॉपियां, पेन, रजिस्टर, किताबें, स्कूल बैग, लंच बॉक्स और पानी की बोतल आदि की खरादारी की।
घरों में यूनिफॉर्म की धुलाई और उन्हें प्रेस करने का काम भी चलता रहा ताकि बच्चे पहले दिन पूरी तैयारी के साथ स्कूल पहुंच सकें। गर्मी की छुट्टियों में दिए गए गृहकार्य को पूरा करना भी बच्चों और अभिभावकों की प्राथमिकता बनी रही।
विज्ञापन

कई परिवारों में माता-पिता के साथ भाई-बहन और दादा-दादी भी बच्चों की पढ़ाई में मदद करते नजर आए। छुट्टियों के अंतिम दिन अधिकांश विद्यार्थी अधूरा होमवर्क पूरा करने में व्यस्त रहे। उधर, स्कूल प्रशासन ने नए सत्र की शुरुआत को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्कूल परिसरों में साफ-सफाई, कक्षाओं की व्यवस्था, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त की गई हैं।
-
विद्यार्थियों का स्वागत करने की तैयारी
शिक्षण सत्र के पहले दिन बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ पहले दिन विद्यार्थियों का स्वागत करने की तैयारी की गई है। स्कूल खुलने के साथ ही नियमित पढ़ाई शुरू होगी। कई विद्यालयों में शुरुआती दिनों में विद्यार्थियों की पढ़ाई का आकलन किया जाएगा और छुट्टियों में दिए गए गृहकार्य की भी समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा खेलकूद, सांस्कृतिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी ताकि छात्र पूरे उत्साह के साथ नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत कर सकें।

होमवर्क पूरा करने में जुटे रहे छात्र

गर्मी की छुट्टियों के दौरान अधिकांश स्कूलों ने विद्यार्थियों को विषयवार प्रोजेक्ट, लिखित अभ्यास और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ा होमवर्क दिया था। छुट्टियों में कई बच्चे अपने माता-पिता के साथ घूमने या नाना-नानी के घर चले गए, जिसके कारण वे समय पर अपना होमवर्क पूरा नहीं कर सके। जैसे-जैसे स्कूल खुलने का समय नजदीक आया, वैसे-वैसे विद्यार्थी होमवर्क पूरा करने में व्यस्त नजर आए।वहीं, अभिभावकों ने भी बच्चों का होमवर्क पूरा कराने में सहयोग किया। कई अभिभावकों ने स्वयं पढ़ाई कराई, जबकि कुछ ने ट्यूशन का सहारा लिया। उनका कहना है कि पढ़ाई के बढ़ते दबाव के कारण छुट्टियों में भी बच्चों को खेलकूद के लिए कम समय मिल पाता है।

पीटीएम का उद्देश्य कमियों को दूर करना

राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में बुधवार को स्कूल खुलने के साथ ही तीसरी से 5वीं कक्षा के छात्रों के लिए अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान छात्रों और अभिभावकों के लिए कई मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएगी। पीटीएम का मुख्य उद्देश्य छात्रों की कमियों को दूर करना है। इसके साथ ही अभिभावक-शिक्षक संवाद से पहले मटका दौड़, नींबू दौड़, तीन पैर दौड़, म्यूजिकल चेयर और रस्साकशी जैसी प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी जिसमें छात्रों के साथ ही अभिभावक भी शामिल होंगे।
......................
वर्जन
कक्षा पहली से लेकर 12वीं तक के स्कूल बुधवार से खुलेंगे। बच्चे स्कूल जाने को उत्साहित हैं। सभी राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में तीसरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए एक जुलाई को अभिभावक-शिक्षक की बैठक होगी।- राजेंद्र शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें