रेवाड़ी। शहर के सेक्टर चार स्थित कन्या स्कूल का भवन एक निजी संस्था को लीज पर देने के विरोध में स्कूल बचाओ संघर्ष समिति ने रविवार को भवन के गेट पर ताला जड़ दिया। आंदोलनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की एवं स्कूल की दीवार व छत पर लगे होर्डिंग व बैनर फाड़ दिए। स्कूल भवन के अंदर मौजूद 20 से अधिक श्रमिकों को भी बाहर खदेड़ा गया। शाम को करीब आठ बजे जिमखाना क्लब से गांधी चौक तक कैंडल मार्च निकाला गया। लिखित आदेश नहीं दिए जाने तक संघर्ष समिति की ओर से अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
शहर के सेक्टर 4 के लिए कन्या स्कूल के भवन को सुपर 100 कार्यक्रम चलाने वाली एक संस्था को लीज पर दे दिया गया था, जिसका प्रदेश के शिक्षामंत्री की ओर से उद्घाटन भी किया गया। लेकिन उद्घाटन के बाद से शहर के लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया था। भाजपा के पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों व राजनीतिक दलों के लोगों व पूर्व विधायकों ने इस आंदोलन में अपना समर्थन देते हुए भवन को खाली कराने का निर्णय लिया। इस बीच 9 जून को शिक्षामंत्री की ओर से बताया गया है कि न तो स्कूल भवन में कोई निर्माण होने दिया जाएगा तथा न ही संस्था की कक्षाएं लगाई जाएंगी, लेकिन 10 जून को लोगों ने देखा कि शिक्षामंत्री के आदेश के बाद भी स्कूल भवन में निर्माण जारी है। इसके बाद लोगों को गुस्सा फूट गया। लोगों ने स्कूल भवन के गेट पर धरना शुरू कर दिया तथा मजदूरों को भगा दिया था। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार को संघर्ष समिति के संयोजक पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास के नेतृत्व में रेवाड़ी विधायक चिरंजीव राव, विभिन्न संगठनों, राजनीतिक दलों व पूर्व विधायकों ने सुबह 9 से 11 बजे तक दो घंटे तक धरना दिया उसके बाद स्कूल भवन के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया गया। प्रशासन की ओर से लोकनिर्माण विभाग के एक्सईएन विनय चौहान को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। इस अवसर पर डीएसपी नरेंद्र कुमार, माडल टाउन थाना प्रभारी संजय कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
अंदर चल रहा था निर्माण
हैरान करने वाली बात तो यह है कि जिस समय शहर के लोग धरना देकर गेट पर ताला जड़ रहे थे उस समय भी भवन के अंदर निर्माण कार्य जारी था। आंदोलन कर रहे लोगों को जब इस बात की जानकारी हुई तो गेट खोल कर ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस मौजूदगी में अंदर गए तो पाया कि 20 से अधिक श्रमिक निर्माण कर रहे थे। इसके बाद सभी श्रमिकों को वहां से बाहर निकाला गया।
क्षेत्र के लोगों के साथ किया धोखा
रेवाड़ी के विधायक चिरंजीव राव व पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने कहा कि स्कूल भवन को निजी संस्था को लीज पर देना बेहद ही चिंताजनक है। कैबिनेट मंत्री के आदेश के बाद भी भवन में निर्माण कराया जाना क्षेत्र के लोगों के साथ धोखा है। क्षेत्र के लोग लीज रद्द होने तक आंदोलन जारी रखेंगे। इस अवसर पर पूर्व विधायक शकुंतला भगवाडिया, पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव, इनेलाे जिला अध्यक्ष डॉ. राजपाल यादव, जजपा के श्यामसुंदर सभरवाल, सेक्टर चार आरडब्ल्यूए के प्रधान अजय यादव, सचिव अनिल यादव, एम्स संघर्ष समिति के कैलाश यादव, पूर्व शिक्षा अधिकारी धर्मबीर बल्डोदिया, कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता वेदप्रकाश विद्रोही व अनेक नगर पार्षद मौजूद रहे।
आज हो सकता है समाधान
सोमवार को जिला उपायुक्त की ओर से स्कूल बचाओ संघर्ष समिति को बातचीत के लिए बुलाया गया है। जिस हर मुद्दे पर बारीकी से बातचीत होगी। उम्मीद है कि इस बैठक के बाद मामले का समाधान निकल सकता है। हालांकि प्रशासन की ओर से स्कूल में यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं। फिलहाल किसी भी तरह को कोई निर्माण या अन्य गतिविधि नहीं होने दी जा रही है। ऐसे में उम्मीद है कि सोमवार को इसका समाधान हो सकता है।
पेड़ काटने के लगाए आरोप
स्कूल बचाओ संघर्ष समिति की ओर से संस्था पर हरे पेड़ काटने के भी आरोप लगाए गए हैं। उनका कहना है कि स्कूल भवन के अंदर संस्था की ओर से कराए जा रहे निर्माण के दौरान कई पेड़ काट दिए गए है तथा खेल मैदान को भी तोड़ दिया गया है।