रेवाड़ी। शहीद मेजर रघुनाथ प्रसाद राजकीय उच्च विद्यालय अहरोद में शिवलाल शर्मा की पुण्यतिथि पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में अधिवक्ता अनुज शर्मा ने छात्रवृत्ति के लिए 1 लाख 11 हजार रुपये प्रदान किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी खोल अशोक कुमार नांदल रहे। अध्यक्षता महीपाल ने की। मुख्य अध्यापक ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। शिक्षा, खेल एवं अन्य गतिविधियों में विद्यालय की उपलब्धियों के बारे में बताया। उन्होंने अभिभावकों से नामांकन बढ़ाने की अपील की।
मुख्य अतिथि अशोक कुमार नांदल ने कहा कि अभिभावकों को अपनी सोच में बदलाव लाते हुए बच्चों का दाखिला राजकीय विद्यालयों में कराना चाहिए।
उन्होंने एनएमएमएस, सुपर-100, बुनियाद, एनटीएसई आदि योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा आठवीं तक विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य-पुस्तकें, स्टेशनरी, मिड-डे-मील और वर्दी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विद्यार्थियों ने योग-नृत्य, हरियाणा वंदन, फौजी के जज्बात तथा बगड़ की थाली बाजैगी जैसे लोकगीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
इस मौके पर शिवलाल शर्मा एवं मनीष कुमार की स्मृति में उज्ज्वल छात्रवृत्ति योजना के तहत अधिवक्ता अनुज शर्मा ने 1 लाख 11 हजार रुपये प्रदान किए। प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप थर्मस वितरित की गईं। विशेष अतिथि पुजारी नटवरलाल को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
साहित्यकार कुमार विकास ने काव्य पाठ किया। पूर्व हेडमास्टर जितेंद्र शर्मा, सेवानिवृत्त अध्यापक लक्ष्मण सिंह यादव, उमेश यादव, रोहतास यादव, ओमी बाबा, कालूराम शर्मा, ओमप्रकाश जोशी, पंच महावीर, धर्मपाल चौरसिया मौजूद रहे।