संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। द आर्ट ऑफ लिविंग संस्था की ओर से सावन के दूसरे सोमवार को अमंगणी सोसाइटी मंदिर में रुद्र पूजन का आयोजन किया गया। पूजन का संचालन बेंगलुरु आश्रम से आए स्वामी अमृतानंद ने किया। वैदिक पंडितों ने पूजा संपन्न कराई। स्वामी अमृतानंद ने कहा कि सावन का महीना शिव आराधना का विशेष माह है।
उन्होंने रुद्र पूजन महत्व बताया। कहा कि सावन में में रुद्राभिषेक, रुद्राष्टाध्यायी और महामृत्युंजय जाप जैसे पूजन अत्यंत फलदायक माने जाते हैं। भगवान शिव इस मास में विशेष रूप से प्रसन्न होते हैं और अपने भक्तों को स्वास्थ्य, समृद्धि एवं सुख-शांति का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में शिव भजन गायिका उर्वशी भारद्वाज ने भजनों की प्रस्तुति दी। भजन सुनकर श्रद्धालु झूम उठे। आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ प्रशिक्षक श्री ब्रह्म प्रकाश भारद्वाज ने कहा कि श्रावण मास में प्रतिदिन अमंगणी सोसाइटी मंदिर में शाम साढ़े 7 बजे से साढ़े 8 बजे तक ध्यान और शिव भजन का आयोजन हो रहा है।
उन्होंने बताया इस बार आर्ट आफ लिविंग द्वारा 5 जगह पूजा का आयोजन किया गया है। पूजन के बाद भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस आयोजन में संदीप, सुधीर, डॉ. दीपक शर्मा, उर्मिला भारद्वाज, उर्वशी, मास्टर देवेंद्र, सतीश वाधवा, नरेंद्र डांग सहित सोसाइटी के सभी निवासियों ने सहयोग किया।