रेवाड़ी। सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर शहर के राव तुलाराम स्टेडियम से रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इस मौक पर युवाओं ने दौड़ लगाई और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण यादव, कोसली के विधायक अनिल यादव और बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। युवाओं के साथ दौड़ लगाई। इस अवसर पर उनके साथ उपायुक्त अभिषेक मीणा, जिला परिषद सीईओ विकास यादव, एसडीएम सुरेंद्र सिंह तथा उदय आदि शामिल हुए।
विधायक लक्ष्मण यादव ने सरदार बल्लभ भाई पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। पटेल के दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद रियासतों के रूप में अलग-अलग टुकडों में बंटे भारत को एकसूत्र में पिरोने जैसा साहसिक कार्य पटेल की दूरदर्शिता से ही संभव हो पाया था।
उन्होंने कहा कि सरकार सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मना रही है। इस अवसर पर स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बिछाने और शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा स्थापित करने की मांग पर विधायक लक्ष्मण यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों को जल्द से जल्द इस दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने हरियाणा दिवस और रेवाड़ी की स्थापना दिवस को लेकर भी शुभकामनाएं दीं। मंच का संचालन शिक्षाविद सत्यवीर नाहड़िया ने किया।