कोसली (रेवाड़ी)। क्षेत्र के बलधान कला गांव की रहने वाली संजू जिला रेवाड़ी में पहली बस चालक बनीं। इसको लेकर गांव में खुशी का माहौल है। संजू के पति नवनीत ने बताया कि उसकी पत्नी ने योग विषय में एमएससी करने के बाद लीक से हटकर दिल्ली डीटीसी में महिला बस चालक के रूप में ज्वाइन करके जिला रेवाड़ी से पहली महिला बस चालक बनने का गौरव प्राप्त किया है। वहीं अपने जिला में गांव का नाम रोशन करते हुए नारी शक्ति की सर्वश्रेष्ठ मिसाल कायम की है। संजू ने रेवाड़ी जिले की प्रथम महिला बस चालक होने का गौरव प्राप्त किया है। संजू के पति का कहना है कि उन्होंने नारी शक्ति को एक प्रेरणा दी है।
संजू का कहना है कि इस क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने में उनके ससुराल पक्ष का पूर्ण सहयोग रहा। उनकी सास विमला देवी ने उन्हें समय-समय पर कठिन चुनौतियों का डटकर सामना करने की हिम्मत दी है। दो बच्चों की मां संजू बताती हैं कि अगर आपका निश्चय दृढ़ है तो आप बड़ी से बड़ी चुनौतियों का डटकर सामना कर सकते हैं। उनका यह सफर संघर्षों से भरा हुआ है। अब उनके पति की बदौलत से आसान हो गया है। संवाद