मांगों को लेकर धरने पर बैठे सफाई कर्मचारी। संवाद
बावल। अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों का धरना रविवार को भी बावल नगरपालिका परिसर में जारी रहा। धरने की अध्यक्षता यूनियन प्रधान अशोक कुमार ने की। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रधान अशोक कुमार ने कहा कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। कर्मचारियों ने मांग की कि सेवा के दौरान मृत्यु होने तथा सेवानिवृत्ति पर कर्मचारियों को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।
इसके अलावा गुरुग्राम में छंटनी किए गए 3480 सफाई कर्मचारियों को दोबारा काम पर लिया जाए और कर्मचारियों का मासिक वेतन बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए।
सचिव हीरालाल ने बताया कि सरकार ने उनकी मांगों को पूरा करने के लिए 30 जून तक का समय मांगा था। अब करीब डेढ़ महीना बीत चुका है, लेकिन मांगों को पूरा करने संबंधी कोई पत्र जारी नहीं किया गया। इससे कर्मचारियों में रोष है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी कर्मचारी एक से 13 मई तक लगातार 14 दिनों तक धरने पर बैठे थे। उस समय सरकार की ओर से 30 जून तक मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया गया था। कर्मचारियों ने कहा कि बाजारों में नियमित सफाई वाले स्थानों पर एकत्रित होने वाला कूड़ा वहीं पड़ा रहेगा। इस अवसर पर प्रधान अशोक कुमार, सचिव हीरालाल, बबीता, उपप्रधान पूनम, सुनीता, रिंकू, जवाहरलाल, सिंह बबीता, सीमा, कमलेश, रामा सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।